दिल्ली: बिहार के पटना जिले में ADM रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर बिहार विजिलेंस इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने छापेमारी की। कुमारी स्वीटी दानापुर में सब-रजिस्ट्रार के पद पर तैनात हैं। विजिलेंस की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी सोने-चांदी और हीरे के आभूषण 48 महंगी घड़ियां और कई संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
28 सितंबर को पटना और बेगूसराय में कुल चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 79.98 लाख रुपये नकद लगभग 52 लाख रुपये के गहने और करीब 6 लाख रुपये कीमत की 48 घड़ियां मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा सात प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है।यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज FIR के बाद की गई। 25 सितंबर को मामला दर्ज होने के बाद विजिलेंस ने अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया और 28 सितंबर को पटना और बेगूसराय में चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
पटना और बेगूसराय से बरामद हुई लाखों की नकदी
विजिलेंस के अनुसार, पटना के रूपसपुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के एक फ्लैट से करीब 70.53 लाख रुपये नकद बरामद हुए। वहीं बेगूसराय स्थित पैतृक आवास से करीब 9.44 लाख रुपये मिले। दोनों जगहों से बरामद नकदी को मिलाकर कुल रकम करीब 79.98 लाख रुपये बताई गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नोट मिलने के बाद उनकी गिनती के लिए मशीन तक मंगानी पड़ी। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मुख्यालय बिहार के ADG जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि मामले में पहले FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद अदालत से सर्च वारंट लेकर संबंधित ठिकानों पर तलाशी की गई।
सात प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी जांच के घेरे में
विजिलेंस के मुताबिक जांच के दौरान रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी के नाम 2017 से 2026 के बीच खरीदी गई सात संपत्तियों की जानकारी सामने आई है।इनमें दानापुर में दो फ्लैट जबकि फुलवारी शरीफ और बेगूसराय में पांच प्लॉट शामिल हैं। इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये आंकी गई है।हालांकि अधिकारियों का कहना है कि इन संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत अलग हो सकती है। संपत्तियों के मूल्य का विस्तृत आकलन जांच के दौरान किया जाएगा।
गहनों और घड़ियों के साथ बैंक व निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले
तलाशी के दौरान विजिलेंस को सोने-चांदी और हीरे के गहनों के अलावा 48 महंगी घड़ियां भी मिलीं। इसके साथ ही LIC में किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेज और SBI के दो बैंक खातों से संबंधित कागजात भी बरामद किए गए हैं।
इन बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके अलावा घर में मौजूद तीन AC, Godrej के सामान और अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं की खरीद से जुड़े बिल भी जांच में शामिल किए गए हैं। एक SUV को लेकर भी जांच की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
विजिलेंस ने रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी के खिलाफ करीब 1.06 करोड़ रुपये की कथित आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।जांच एजेंसी के अनुसार दोनों की ज्ञात आय और उनके पास मिली संपत्ति के बीच अंतर पाया गया है। एजेंसी का दावा है कि दोनों के पास उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 47 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है।
अब विजिलेंस टीम बरामद नकदी, गहनों, घड़ियों, प्रॉपर्टी के दस्तावेज, बैंक खातों और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। इन सभी जानकारियों का दोनों अधिकारियों की ज्ञात आय और वित्तीय रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।
कौन हैं ADM रविंद्र कुमार दिवाकर?
रविंद्र कुमार दिवाकर ने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के रूप में की थी। इसके बाद साल 2010 में उन्होंने बिहार प्रशासनिक सेवा ज्वाइन की।प्रशासनिक सेवा में आने के बाद उन्होंने बिहार के अलग-अलग जिलों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। वह गयाजी में SDM और सारण में DPRO के पद पर भी काम कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि अक्टूबर 2025 से वह पटना में ADM सप्लाई के पद पर तैनात हैं।
कुमारी स्वीटी की भी कई जिलों में रही तैनाती
रविंद्र कुमार दिवाकर की पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान तेघड़ा, हवेली खड़गपुर और सकरा में सेवाएं दी हैं।
साल 2024 में उनकी तैनाती दानापुर के जिला सब-रजिस्ट्रार के पद पर हुई थी।
फिलहाल विजिलेंस की जांच जारी है। बरामद नकदी, गहनों ,घड़ियों, संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।