दिल्ली: ‘हनुमान अंश’ एक ऐसी फिल्म है, जिसके बारे में आज हर कोई बात कर रहा है। हालांकि, पहले किसी ने नहीं सोचा था कि करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी। अब सवाल यह है कि कौन-सा OTT प्लेटफॉर्म फिल्म के डिजिटल राइट्स खरीदना चाहता है और इसके लिए कितनी रकम ऑफर की जा रही है?

फिल्म की प्रोड्यूसर्स में से एक रागिनी सोना ने एक मीडिया प्लेटफॉर्म से बात करते हुए कहा - “मुझे लगता है कि विशाल (चतुर्वेदी) की अपनी राय है। उन्होंने इसे बनाया है, इसलिए मैं उनके फैसले का सम्मान करूंगी। उनके अब तक के सभी फैसले सही साबित हुए हैं। वह अभी भी कह रहे हैं कि हमें कुछ और समय तक इंतजार करना चाहिए। हमें OTT प्लेटफॉर्म्स से ऑफर मिल रहे हैं लेकिन यह निश्चित रूप से 100 करोड़ रुपये का नहीं है। हम बहुत जल्द अपनी OTT डील की घोषणा करेंगे, लेकिन अभी नहीं।”

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि, “हमें एक बात समझनी चाहिए कि यह ऐसी फिल्म है, जिसे सिनेमाघरों में देखना सबसे बेहतर अनुभव देता है। जब आप इसे बड़े पर्दे पर देखते हैं, तो आपको एक अलग ही अनुभव मिलता है। कुछ फिल्मों को हम अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद आसानी से देख सकते हैं। OTT पर आप अपने घर में आराम से बैठे होते हैं। इसी दौरान दरवाजे की घंटी बज सकती है, कोई मिलने आ सकता है या घर में दूसरी कई चीजें हो सकती हैं। ऐसे में आपका ध्यान फिल्म से हट जाता है। लेकिन यह फिल्म ऐसी है जिसमें दर्शक अपनी नजरें स्क्रीन से हटा नहीं पाते। फिल्म खत्म होने के बाद भी लोग अपनी सीटों पर बैठे रहते हैं और क्रेडिट्स खत्म होने तक स्क्रीन देखते रहते हैं। 

हमने कई दर्शकों को फिल्म खत्म होने के बाद हाथ जोड़कर बैठे हुए देखा है। कुछ लोगों ने तो अपने चप्पल तक उतार दिए और हाथ जोड़कर स्क्रीन के सामने बैठे रहे। यह देखकर मैं आज भी भावुक हो जाती हूं। फिल्म के अंत से कुछ समय पहले एक ऐसा दृश्य आता है जिसमें मुख्य किरदार हनुमान के सामने बैठकर चालीसा का जाप कर रहा है। चारों तरफ बनाया गया रक्षा चक्र दर्शक को पूरी तरह एक अलग ही दुनिया में ले जाता है। यह अनुभव किसी ट्रांस जैसा महसूस होता है।

उन्होंने आगे कहा, “यही तो यह फिल्म दर्शकों के साथ कर रही है। मैं सच में चाहती हूं कि लोग इस फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर देखें। भले ही फिल्म बाद में किसी OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो, लेकिन थिएटर में इसे देखने का अनुभव अलग ही होगा। सिनेमाघर में इस फिल्म को देखकर जो खुशी और अनुभव आपको मिलेगा, वह OTT पर शायद नहीं मिल पाएगा।
हालांकि, अंततः हमें OTT पर भी आना होगा। लेकिन फिलहाल हमारी टीम का पूरा ध्यान इस बात पर है कि ज्यादा से ज्यादा दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचें। इससे फिल्म को काफी मदद मिलेगी।”

‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा की कहानी पर आधारित है । विशाल चतुर्वेदी ने अपनी कंपनी स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के बैनर तले फिल्म का लेखन, निर्देशन और निर्माण किया है। यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है जिसमें नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को दर्शाया गया है।