दिल्ली: केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर उन्हें लोहागढ़ किले से नीचे धक्का दिया था। अब जांच में चेतन से जुड़े एक पुराने मामले का भी पता चला है।पुलिस के मुताबिक करीब एक साल पहले चेतन एक दूसरी युवती के संपर्क में था। उस युवती ने आरोप लगाया है कि चेतन ने उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश की थी।

पार्टी के बाद युवती के साथ हुई कथित घटना
युवती ने पुलिस को बताया कि वह उस समय पुणे की एक यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थी। 9 मई 2025 को वह अपनी दोस्त उसके बॉयफ्रेंड और चेतन के साथ पार्टी करने गई थी। पार्टी के बाद चारों एक लॉज में रुके थे। युवती की दोस्त अपने बॉयफ्रेंड के साथ एक कमरे में चली गई जबकि युवती और चेतन दूसरे कमरे में थे। युवती का आरोप है कि कमरे में चेतन ने उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाने की कोशिश की। उसने अगले दिन अपनी दोस्त को पूरी घटना के बारे में बताया। दोस्त ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया कि चेतन ने कथित तौर पर ऐसी कोशिश दो से तीन बार की थी।

हत्या से पहले सिया और चेतन कई बार होटल में रुके
जांच के दौरान पुलिस को सिया और चेतन के होटल में ठहरने से जुड़ी जानकारी भी मिली है। हत्या से पहले दोनों पुणे के दो अलग-अलग होटलों में रुके थे। नवंबर 2025 में चेतन ने NIBM रोड के एक होटल में कमरा बुक किया था। दोनों वहां कमरा नंबर 304 में ठहरे थे। इसके बाद जनवरी 2026 में दोनों गुलटेकड़ी इलाके के एक दूसरे होटल में रुके थे। पुलिस ने दोनों के होटल में ठहरने के दौरान पहचान के लिए जमा किए गए दस्तावेजों की कॉपी भी जब्त की है।

डिलीट चैट को लेकर चेतन ने दोस्त से की थी बात
जांच में चेतन के एक दोस्त का बयान भी सामने आया है। दोस्त के मुताबिक 22 जून को चेतन ने उससे संपर्क किया था। चेतन ने लोनावला में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए पूछा था कि क्या डिलीट की गई WhatsApp और Instagram चैट को पुलिस दोबारा हासिल कर सकती है। चेतन ने यह भी पूछा था कि क्या उसका दोस्त क्राइम ब्रांच या किसी मोबाइल कंपनी में ऐसे व्यक्ति को जानता है जो इस मामले में उसकी मदद कर सके। दोस्त ने बताया कि उसकी जानकारी में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं था। दोस्त के मुताबिक अगले दिन उसे पता चला कि चेतन और सिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिया की Google सर्च हिस्ट्री से भी अहम जानकारी
पुलिस को सिया की Google सर्च हिस्ट्री भी मिली है। जांच के मुताबिक उसने कथित तौर पर हत्या की योजना से जुड़े कई विषयों के बारे में ऑनलाइन जानकारी खोजी थी।सर्च हिस्ट्री में सोनम केस और डेथ कैप मशरूम इंडिया जैसे कीवर्ड शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा आईफोन की कॉल हिस्ट्री डिलीट करने लोहागढ़ और ट्रेकिंग हादसों से जुड़ी जानकारी भी सर्च की गई थी। पुलिस अब डिजिटल सबूतों होटल रिकॉर्ड और आरोपियों से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि अदालत में होने वाली कानूनी प्रक्रिया के तहत होगी।