दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बुधवार 30 सितंबर को सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि विमान के कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
 मामला इतना बढ़ गया कि एक पायलट ने अपने को-पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। फ्लाइट में करीब 180 यात्री मौजूद थे। कॉकपिट से शोर और चीखने की आवाजें आने के बाद यात्रियों में डर का माहौल बन गया। इसी दौरान विमान से दो इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। पहले 7700 कोड भेजा गया। यह कोड विमान में किसी आपात स्थिति के समय इस्तेमाल किया जाता है। इसके कुछ ही समय बाद 7500 कोड भेजा गया। इस कोड का इस्तेमाल आमतौर पर विमान के अपहरण या किसी गंभीर गैरकानूनी घटना की स्थिति में किया जाता है।

हाईजैक की आशंका से बढ़ी चिंता
7500 कोड मिलने के बाद इजरायल में हाईजैक की आशंका पैदा हो गई। इजरायली सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। फाइटर जेट्स को भी सक्रिय किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग के अनुसार विमान कुछ समय के लिए जॉर्डन की दिशा में गया था। इसके बाद उसने अचानक रास्ता बदला और सऊदी अरब की ओर लौट गया। इस दौरान विमान की ऊंचाई में भी तेजी से बदलाव हुआ।बाद में इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने साफ किया कि यह हाईजैकिंग का मामला नहीं था। विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।

पायलटों के बीच क्यों हुई लड़ाई
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में हाथापाई हुई थी। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि 7500 कोड किसने भेजा था और किस परिस्थिति में भेजा गया था। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो में एक यात्री के चेहरे पर खून दिखाई देता है। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच काफी डर का माहौल था।

आरोपी पायलट को लेकर बड़ा दावा
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि को-पायलट पर हमला करने वाला पायलट ओमान का नागरिक है। बताया जा रहा है कि वह करीब एक साल से एयरलाइन के साथ काम कर रहा था। कुछ रिपोर्टों में यह भी आरोप लगाया गया है कि पायलट ने विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी। हालांकि यात्रियों ने उसे काबू कर लिया। इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की असली वजह और पूरी घटना की तस्वीर साफ हो सकेगी।