दिल्ली: 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री चुने जाने के बाद मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है। अब फिल्म के निर्माताओं ने दर्शकों को सिनेमाघरों में फिल्म देखने का मौका देने की तैयारी कर ली है।
फिल्म के खास प्रीव्यू शो 9 अक्टूबर से शुरू होंगे। शुरुआत मुंबई और पुणे से होगी। इसके बाद दिल्ली बेंगलुरु चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में भी फिल्म के विशेष प्रीव्यू शो आयोजित किए जाएंगे।

मुंबई और पुणे में चार-चार थिएटरों से शुरुआत
‘गोंधल’ के खास प्रीव्यू शो 9 अक्टूबर से मुंबई और पुणे के चार-चार सिनेमाघरों में शुरू होंगे। इसके बाद अन्य प्रमुख शहरों में भी दर्शकों को फिल्म देखने का मौका मिलेगा।फिल्म को मराठी और हिंदी में पेश किया जा रहा है। बड़े स्तर पर रिलीज से पहले ये खास प्रीव्यू दर्शकों को फिल्म की कहानी और माहौल को बड़े पर्दे पर देखने का मौका देंगे।

महाराष्ट्र की लोक परंपरा से प्रेरित है फिल्म
‘गोंधल’ को संतोष दवाखर ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक कला ‘गोंधल’ से प्रेरित है।
गोंधल महाराष्ट्र की एक धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है जिसमें रातभर भक्ति से जुड़ी कथाएं संगीत ताल वाद्य और नृत्य के जरिए प्रस्तुत किए जाते हैं। फिल्म ने इसी सांस्कृतिक परंपरा को मनोवैज्ञानिक थ्रिलर की कहानी से जोड़ा है।
फिल्म में परंपरा मानवीय भावनाएं इच्छाएं और छिपे हुए तनाव कहानी का हिस्सा बनते हैं।

फिल्म में नजर आएंगे ये कलाकार
फिल्म में इशिता देशमुख किशोर कदम और योगेश सोहोनी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में बुनी गई है।
फिल्म में स्थानीय संस्कृति के साथ मनोवैज्ञानिक और मानवीय पहलुओं को दिखाया गया है। यही वजह है कि कहानी को सिर्फ क्षेत्रीय स्तर तक सीमित रखने के बजाय व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

फिल्म को मिल चुके हैं कई सम्मान
‘गोंधल’ का फिल्म फेस्टिवल में भी सफर काफी खास रहा है। मिली जानकारी के अनुसार फिल्म के निर्देशक संतोष दवाखर को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिला है। फिल्म को बेंगलुरु इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में FIPRESCI पुरस्कार भी मिला है। इसके बाद फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना।

निर्देशक ने कहा थिएटर में देखना खास अनुभव होगा
फिल्म के निर्देशक संतोष दवाखर ने कहा कि ये प्रीव्यू सिर्फ शुरुआती स्क्रीनिंग नहीं हैं बल्कि दर्शकों को फिल्म से जोड़ने का एक मौका हैं।उन्होंने कहा कि ‘गोंधल’ की कहानी महाराष्ट्र की सांस्कृतिक मिट्टी से निकली है। फिल्म के माहौल इसकी आवाज और दृश्य दुनिया का असली अनुभव सिनेमाघर में ही किया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक बिना किसी पूर्व धारणा के फिल्म देखने आएंगे और कहानी संस्कृति तथा इसके मनोवैज्ञानिक सफर को खुद महसूस करेंगे।