दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा । जंतर-मंतर पर धरना देने जा रहे विपक्षी सांसदों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया । इसके बाद माहौल गरमा गया और पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की हल्की झड़पें भी हुई । राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर लेट गईं।
प्रियंका गांधी को सड़क पर लेटे देख कई विपक्षी नेता भी उनके समर्थन में आगे आए और सड़क पर लेट गए , वहीं कुछ नेता उनके पास सड़क पर बैठ गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इसी दौरान पुलिसकर्मी राहुल गांधी को अपने घेरे में लेकर बस तक ले गए और उन्हें हिरासत में लेकर वहां से रवाना किया।
पुलिसकर्मी प्रियंका गांधी को भी सड़क से उठाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन वह हटने को तैयार नहीं थीं। मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी ने पुलिस पर प्रदर्शन कर रहे सांसदों के साथ बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों पर उन्हें खरोंचने और जमीन पर गिराने का भी आरोप लगाया।
जंतर-मंतर जाने से पहले रोका गया काफिला
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और INDIA ब्लॉक के दूसरे सांसद CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की लंच मीटिंग के बाद विपक्षी सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए निकले थे। लेकिन प्रदर्शन स्थल से पहले ही पुलिस ने उनका काफिला रोक दिया। इसके बाद सांसद सड़क पर उतर आए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता बसों की छत पर चढ़कर नारेबाजी करते भी दिखाई दिए।
खड़गे की लंच मीटिंग के बाद जंतर-मंतर के लिए निकले सांसद
बुधवार को प्रदर्शन से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सेंट्रल दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में इंडिया ब्लॉक के विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया। लंच के दौरान आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दूसरे विपक्षी सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए ।
SIR को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग आमने-सामने
विपक्ष स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानि SIR और मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहा है। विपक्ष का आरोप है कि इस प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और इसके जरिए 'वोट चोरी' का आरोप लगा रहा है ।
इससे पहले 6 अक्टूबर को भी INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर मार्च किया था । पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता आकाशवाणी भवन परिसर में करीब आठ घंटे तक धरने पर बैठे रहे थे। इस मामले में अब राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं के खिलाफ FIR भी दर्ज की जा चुकी है।



