नई दिल्ली: 10 अक्टूबर को देश की राजधानी में प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन की वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है । जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले रेल और मेट्रो सेवाओं को लेकर अहम बदलाव किए गए हैं। रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को पत्र लिखा है।
10 अक्टूबर को किन ट्रेनों पर पड़ेगा असर?
रेलवे के आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वालीं और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वालीं संबंधित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहेंगी।
यह आदेश दिल्ली आने वाली सभी ट्रेनों पर लागू नहीं है। इन पाबंदियों के तहत सिर्फ तय समय में नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। दिल्ली के दूसरे रेलवे स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनें रद्द नहीं की गई हैं।
रेलवे ने दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की संभावना और यात्रियों को आगे की यात्रा में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया है। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांचना चाहिए।
57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का अनुरोध
10 अक्टूबर को सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने DMRC को पत्र लिखकर 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है। रिपोर्टों के मुताबिक, यह व्यवस्था 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू करने का प्रस्ताव है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित मेट्रो सेवाओं की फ्रीक्वेंसी भी घटाई जा सकती है।
प्रमुख मेट्रो स्टेशनों में राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, नई दिल्ली, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, कश्मीरी गेट, हौज खास, आईएनए और लाजपत नगर शामिल हैं।
CJP क्यों कर रही है प्रदर्शन?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन होनेजा रहा है। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।
हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, आयोजन की सूचना निर्धारित समय से काफी देर से दी गई थी। पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शन में तय शर्तों का पालन नहीं किए जाने और आगामी प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका का भी हवाला दिया है ।
सुरक्षा के लिए क्या-क्या तैयारी?
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए बड़ी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी तैनात रहेंगे । संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और चेहरे की पहचान करने वाले कैमरों से निगरानी की तैयारी की गई है। दिल्ली की सीमाओं और प्रमुख परिवहन केंद्रों पर भी नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। पुलिस ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर निकलें। अपनी ट्रेन का नंबर और लाइव स्टेटस जरूर जांच लें । मेट्रो से यात्रा करने वालों को भी DMRC की ताजा सूचना देखकर ही प्रभावित स्टेशनों के लिए निकलना चाहिए। इससे आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।



