दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम 3’ का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है।मिली जानकारी के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन ही करीब 63 करोड़ रुपये की ओपनिंग की है। माना जा रहा है कि यह फिल्म अजय देवगन के करियर की बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है। फिल्म के दूसरे दिन के कलेक्शन ने भी दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने दूसरे दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 53 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह सिर्फ दो दिनों में फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन करीब 115.50 करोड़ रुपये हो गया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 138.65 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

दो दिनों में 177 करोड़ रुपये के पार पहुंची कमाई
फिल्म का प्रदर्शन भारत के साथ-साथ विदेशों में भी मजबूत नजर आ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 20 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल विदेशी कलेक्शन करीब 38.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 177 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म में अजय देवगन, श्रिया सरन, तब्बू और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है।

क्या है ‘दृश्यम 3’ की कहानी?
‘दृश्यम 3’ की कहानी विजय सालगांवकर और उसके परिवार के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है। परिवार एक बार फिर मुश्किलों में घिर जाता है और उनके सामने एक नई जांच खड़ी हो जाती है। फिल्म में सस्पेंस और थ्रिलर का वही अंदाज देखने को मिलता है, जिसके लिए ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी जानी जाती है। खास बात यह है कि ‘दृश्यम 3’ हिंदी फ्रैंचाइजी की ऐसी फिल्म है, जिसकी कहानी मूल मलयालम फिल्म की कहानी को सीधे आगे बढ़ाने के बजाय अपनी अलग कहानी पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म की दमदार स्टारकास्ट, सस्पेंस और बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती प्रदर्शन को देखते हुए आने वाले दिनों में इसकी कमाई में और इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है।