दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब कॉकपिट के अंदर दो पायलटों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हो गई। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान एक पायलट घायल हो गया और विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। फ्लाइट में करीब 180 यात्री सवार थे जिनमें बड़ी संख्या में इजरायली नागरिक शामिल थे। यात्रियों के मुताबिक विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। अचानक विमान नीचे जाने लगा। शुरुआत में यात्रियों को लगा कि विमान तेज टर्बुलेंस का सामना कर रहा है लेकिन कुछ देर बाद स्थिति की गंभीरता सामने आई।
कॉकपिट के बाहर मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार विमान के अगले हिस्से में मौजूद यात्रियों ने कॉकपिट के पास अफरा-तफरी देखी। इसी दौरान एक पायलट के घायल होने की बात सामने आई। बताया गया कि एक यात्री ने कथित हमलावर पायलट को काबू करने में मदद की। इसके बाद रिजर्व क्रू ने विमान को संभाला।
यात्रियों ने बताया कि विमान कुछ समय के लिए तेजी से नीचे आया और फिर उसे नियंत्रित किया गया। घटना के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया।
यात्री ने बताई पूरी घटना
यात्रियों में शामिल अल्मोग इटैली के मुताबिक जब विमान अचानक नीचे जाने लगा तो उन्हें लगा कि प्लेन बहुत तेज टर्बुलेंस में फंस गया है। बाद में उन्हें पता चला कि कॉकपिट के अंदर गंभीर स्थिति पैदा हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि कुछ यात्री विमान के अगले हिस्से की ओर जाने लगे थे। उस दौरान काफी अफरा-तफरी थी लेकिन कई यात्रियों ने शांत रहकर एक-दूसरे की मदद की।
मिली मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यात्री अल्मोग इटैली
यह काफी डरावना था। लेकिन ज्यादा देर तक स्थिति ऐसी नहीं रही। यात्रियों ने शांत रहकर एक-दूसरे का साथ दिया। सऊदी अरब में उतरने के बाद मेडिकल स्टाफ और खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई।
घटना के बाद क्या हुआ?
मिली जानकारी के अनुसार फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग के बाद घायल लोगों को मेडिकल सहायता दी गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दो घायल लोग जमीन पर दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला की आवाज सुनाई देती है जो उनमें से एक व्यक्ति को पायलट बताती है।
एक व्यक्ति वीडियो में घटना के बारे में बताते हुए कहता है कि विमान के अंदर हमला हुआ और एक पायलट को मारने की कोशिश की गई।
इजरायल के रक्षा मंत्री ने क्या कहा?
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि कुछ इजरायली यात्रियों की बहादुरी के कारण कथित हमले की कोशिश को रोका जा सका। वहीं Flydubai की ओर से कहा गया है कि घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल इस घटना को लेकर जांच जारी है और कॉकपिट के अंदर वास्तव में क्या हुआ था इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।