लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी संभाल रहीं हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है। हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी । अपने कप्तानी के सफर को याद करते हुए हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट और टीम के लिए अपना सब कुछ दिया। 

'खून, पसीना और त्याग... मैंने अपना सब कुछ दिया'

कप्तानी छोड़ने का ऐलान करते हुए हरमनप्रीत कौर ने अपने लंबे सफर, संघर्ष और उपलब्धियों को याद किया। अपने भावुक संदेश में उन्होंने लिखा, 'खून. पसीना. त्याग. गर्व. मैंने अपना सब कुछ दिया।'

हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तानी छोड़ने का फैसला आसान नहीं था। इस दौरान उन्होंने कई ऐसे मौके देखे जब टीम को प्राथमिकता देते हुए उन्हें अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, तरक्की और निजी महत्वाकांक्षाओं को पीछे रखना पड़ा।

उन्होंने कहा कि कप्तानी के दौरान मुश्किल दौर भी देखा और शानदार जीत के पल भी। आलोचना, हार और निराशा के साथ-साथ देश के लिए जीत हासिल करने और भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का गर्व भी उनके सफर का हिस्सा रहा।

हरमनप्रीत ने अपने संदेश में टीम के भविष्य को लेकर भरोसा भी जताते हुए कहा कि टीम में प्रतिभा, चरित्र और भरोसा है और वह इसके भविष्य को लेकर उत्साहित हैं।

'कप्तानी का दौर खत्म, लेकिन सफर जारी'

हरमनप्रीत कौर ने साफ किया कि कप्तानी छोड़ने के बावजूद भारतीय क्रिकेट के साथ उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने टीम की साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार और प्रशंसकों का धन्यवाद किया।
अपने संदेश के अंत में हरमनप्रीत ने कहा कि अब वह एक बार फिर खेल के प्रति अपने प्यार के साथ खेलने को तैयार हैं। यानी हरमनप्रीत बतौर खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा बनी रहेंगी।

हरमनप्रीत का कप्तानी सफर रहा यादगार

हरमनप्रीत कौर का कप्तानी सफर कई ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2025 में पहली बार ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता। फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ हरमनप्रीत भारत की पहली महिला कप्तान बनीं, जिन्होंने टीम को महिला वर्ल्ड कप खिताब दिलाया।

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने एशिया कप में भी सफलता हासिल की। उन्होंने 2012, 2016 और 2022 में भारत को महिला एशिया कप खिताब दिलाया। इसके अलावा 2026 में भी उनकी कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप जीता और टूर्नामेंट का अपना रिकॉर्ड आठवां खिताब हासिल किया।

एशियन गेम्स में भी हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने इतिहास रचा। 2022 में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स का क्रिकेट टूर्नामेंट 2023 में खेला गया था, जहां भारतीय महिला टीम ने पहली बार गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद 2026 एशियन गेम्स में भारत ने श्रीलंका को हराकर लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत 2020 महिला T20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक भी पहुंचा था, जहां टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली थी। इसके अलावा 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय महिला टीम ने सिल्वर मेडल जीता था।

इन उपलब्धियों के साथ हरमनप्रीत ने कप्तान के तौर पर कई व्यक्तिगत रिकॉर्ड भी बनाए। 2026 महिला एशिया कप के दौरान वह 150 T20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।

कौन बनेगा अगला कप्तान?

हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा नए कप्तान के नाम को लेकर है। फिलहाल BCCI की ओर से नए कप्तान की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, स्मृति मंधाना का नाम संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर सबसे ज्यादा चर्चा में है।

स्मृति मंधाना भारतीय टीम की अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं और कई मौकों पर टीम की उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। उनके अलावा दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष के नाम भी संभावित विकल्पों के तौर पर सामने आ रहे हैं। बहरहाल नजरें अब BCCI के उस फैसले पर हैं, जिसमें टीम इंडिया के अगले कप्तान के नाम का ऐलान किया जाएगा।