विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। साथ ही, वे SIR की प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहे हैं। मार्च में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, वाम दलों और INDIA ब्लॉक के अन्य घटक दलों के नेता और सांसद शामिल हैं । करीब 140 विपक्षी सांसदों के ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ में शामिल होने की की बात कही गई है । हालांकि, आम आदमी पार्टी और DMK इस मार्च में शामिल नहीं हुए । AAP ने कहा कि वह SIR के मुद्दे पर अपनी लड़ाई अलग तरीके से जारी रख रही है।
निर्वाचन सदन तक नहीं पहुंच सके प्रदर्शनकारी
पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण प्रदर्शनकारी निर्वाचन सदन तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद कई नेता बैरिकेड पर भी चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे । कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगा रहे हैं । राहुल गांधी ने भी धरने में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि SIR के जरिए मतदाता सूची में बदलाव किए जा रहे हैं। विपक्ष के इन आरोपों को चुनाव आयोग और केंद्र की ओर से खारिज किया गया है।
Form 6 को लेकर बढ़ा विवाद
SIR को लेकर विवाद में Form 6 भी अहम मुद्दा बन गया है। यह फॉर्म नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए इस्तेमाल होता है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने Form 6 के किसी संशोधित प्रारूप को मंजूरी नहीं दी है। अदालत ने चुनाव आयोग से संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी मांगी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि Form 6 में क्या बदलाव हुए और उन्हें किसने मंजूरी दी।
इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। दूसरी ओर, चुनाव आयोग का कहना है कि SIR से जुड़े फैसले आयोग में सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने Form 6 को लेकर विपक्ष के आरोपों को भी गलत या भ्रामक बताया है।
नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
विपक्षी सांसदों के मार्च को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। संसद, संसद मार्ग, निर्वाचन सदन और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस तथा RAF के जवान तैनात किए गए हैं । दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी कनॉट प्लेस, पटेल चौक, अशोक रोड, संसद मार्ग और जंतर-मंतर रोड समेत कई इलाकों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया है।
INDIA ब्लॉक ने संकेत दिया है कि SIR और चुनाव आयोग को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा। कांग्रेस ने आने वाले दिनों में देशभर में अभियान और दिल्ली में बड़ी रैली की भी योजना बनाई है।



