लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट बैठक के बाद इसकी जानकारी दी। बैठक में नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 साल पूरे करने पर अभिनंदन का प्रस्ताव भी पारित किया।
कैबिनेट ने प्रस्ताव को दी मंजूरी
उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में कैबिनेट ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया था। जेवर में काफी बड़ा एयरपोर्ट बन रहा है। इसके पूरी तरह चालू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में यात्रियों को ज्यादा उड़ानों, बेहतर हवाई संपर्क और सफर के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है । खासकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को हवाई यात्रा के लिए एक और विकल्प मिलेगा। इसके अलावा एयरपोर्ट से कारोबार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ सकते हैं।
पीएम मोदी के 25 साल के कार्यकाल पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे होने के अवसर पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया। प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद मई 2014 में वह देश के प्रधानमंत्री बने।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तर प्रदेश से विशेष जुड़ाव है। वह वाराणसी से सांसद हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे के विस्तार और केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
यूपी की अर्थव्यवस्था और किसानों पर क्या बोले योगी?
यूपी कैबिनेट की बैठक में अन्य कई अहम फैसले लिए गए । मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के करीब नौ साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को दी गई सहायता, फसल बीमा और गन्ना किसानों के भुगतान का भी जिक्र किया।
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके जरिए लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने त्योहारों के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की व्यवस्था का भी जिक्र किया।



