दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उनकी बेटी टीना आहूजा ने अभिनेत्री कोमल रानी से जुड़े सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया। हाल ही में एक कार्यक्रम में पहुंचीं टीना से जब कोमल रानी की सोशल मीडिया पोस्ट और सुनीता आहूजा को लेकर लगाए गए आरोपों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने के बजाय बातचीत को कार्यक्रम तक सीमित रखने की अपील की। टीना ने कहा ये वाली जगह पे हम प्लीज और इसके बाद उन्होंने सवाल का जवाब देने से परहेज किया।
कोमल रानी ने क्या कहा था?
कोमल रानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए गोविंदा के साथ कथित अफेयर की खबरों को खारिज किया था। साथ ही उन्होंने सुनीता आहूजा को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि जो महिलाएं वर्षों से अपने पतियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं, उनके श्राप का किसी पर असर नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि जो घर पहले से टूटे हुए हैं, वहां किसी को “घर तोड़ने वाला” कहना उचित नहीं है। कोमल रानी ने आगे मानसिक उत्पीड़न काम से रोकने घर में बैठाने अलग-थलग करने और किसी व्यक्ति को मौत के कगार तक पहुंचाने जैसे आरोप लगाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके नाम का इस्तेमाल किसी एजेंडे के लिए न किया जाए और ईश्वर सभी की रक्षा करे। हालांकि कोमल रानी की ओर से लगाए गए ये आरोप उनके सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावे हैं और इन्हें स्वतंत्र रूप से स्थापित तथ्य नहीं माना जा सकता।
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी
गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 11 मार्च 1987 को शादी की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने शुरुआती दौर में अपनी शादी को निजी रखा था। बाद में बेटी टीना आहूजा के पहले जन्मदिन के मौके पर इस रिश्ते को सार्वजनिक रूप से सेलिब्रेट किया गया जिसमें कई जाने-माने सितारे शामिल हुए थे।
गोविंदा और सुनीता के दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा।
पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में कथित मतभेदों को लेकर खबरें सामने आती रही हैं। हालांकि इस पूरे विवाद पर टीना आहूजा ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया देने से दूरी बनाए रखी है।



