Ujjain Shahi Masjid Controversy: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण को लेकर शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की कर्रवाई के दौरान सोमवा को 28 सितंबर को जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों की भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। फिलहाल इलाके में हालात नियंत्रण में बताए जा रहे है।
क्या है पूरा मामला?
उज्जैन के अब्दालपुरा इलाके में सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। यह काम 2028 में होने वाले सिंहस्थ कुंभ को देखते हुए किया जा रहा है। इसी योजना के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है।
इस चौड़ीकरण की जद में कुल सात धार्मिक स्थल आ रहे थे। इनमें से अधिकांश को आपसी सहमति से हटाया जा चुका है। इसी क्रम में शाही मस्जिद के करीब 9 फीट लंबे और 4 फीट चौड़े हिस्से को हटाया जाना था।
कार्रवाई के दौरान कैसे बिगड़े हालात?
रविवार रात भारी पुलिस बल के साथ जेसीबी और पोकलैंड मशीनें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद स्थानीय लोग सड़क पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। रातभर विरोध और बातचीत के बाद चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाने पर सहमति बनने की बात सामने आई।
हालांकि सोमवार सुबह कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को मौके से हटाया।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर करीब 2,000 पुलिस जवानों को मौके पर तैनात किया। मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर भी रोक लगाई गई।
पुलिस और प्रशासन ने क्या कहा?
उज्जैन के एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, चौड़ीकरण की जद में आने वाले मस्जिद के हिस्से को मस्जिद कमेटी की ओर से ही हटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्के बल का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
शहरकाजी खलिकुर्रेहमान ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने लोगों से प्रशासन को अपना काम करने देने की बात कही।
वहीं, जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा कि 2028 में सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए विकास और सड़क चौड़ीकरण के काम किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।