दिल्ली: निजी ऊर्जा ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। मिली जानकारी के अनुसार, नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। पेट्रोल और डीजल के खुदरा विक्रेताओं पर वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के कारण दबाव बढ़ा है। इसी के बीच नायरा की ओर से कीमतों में यह ताजा बढ़ोतरी की गई है।
देशभर के 7,108 पेट्रोल पंपों पर लागू हुई नई कीमतें
मिली जानकारी के अनुसार, देशभर में करीब 7,108 पेट्रोल पंप संचालित करने वाली नायरा एनर्जी ने बीते शनिवार की शुरुआती घंटों से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। इस संबंध में नायरा के प्रवक्ता को ईमेल भेजकर जानकारी मांगी गई थी, लेकिन फिलहाल उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।
आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में ईरान संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई थी। उस दौरान बढ़ी लागत का बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर डालने वाली नायरा पहली प्रमुख निजी फ्यूल रिटेलर कंपनियों में शामिल थी।
मिडिल ईस्ट में तनाव के बाद 26 मार्च को भी बढ़े थे दाम
इससे पहले नायरा ने 26 मार्च को पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इस बढ़ोतरी के बाद नायरा के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 100.71 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 91.31 रुपये प्रति लीटर हो गई थी। इसके बाद सार्वजनिक क्षेत्र की फ्यूल रिटेल कंपनियों ने भी मई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू कर दी थी। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में कई बार छोटी-छोटी बढ़ोतरी की, जिससे मई के अंत तक कुल बढ़ोतरी करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी।
25 मई को हुई चौथी बढ़ोतरी में पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
जुलाई में नायरा ने घटा दिए थे पेट्रोल-डीजल के दाम हालांकि, बाद में नायरा ने मार्च में की गई बढ़ोतरी को वापस ले लिया था। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी।
अब एक बार फिर नायरा ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है, जिससे कंपनी के पेट्रोल पंपों पर ईंधन खरीदने वाले ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।


