डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर फ्रांस को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि फ्रांस में चल रहा विवाद सिर्फ स्कूलों तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, इसके पीछे बड़े पैमाने पर माइग्रेशन और फ्रांस पर इस्लाम के जरिए कब्जे की कोशिश का मुद्दा है।
स्कूलों की समस्याओं को लेकर शुरू हुआ आंदोलन
फ्रांस में छात्र आंदोलन की शुरुआत स्कूलों में शिक्षकों और स्टाफ की कमी को लेकर हुई। छात्रों का आरोप है कि कई स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक, नर्सिंग और अन्य स्टाफ उपलब्ध नहीं हैं, कक्षाओं में छात्रों की संख्या ज्यादा है और स्कूलों की इमारतों की स्थिति भी ठीक नहीं है। अनुपस्थित शिक्षकों की जगह समय पर दूसरे शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने को लेकर भी नाराजगी है।
धीरे-धीरे यह विरोध प्रदर्शन फ्रांस के कई इलाकों तक फैल गया। 6 अक्टूबर को आंदोलन ने बड़ा रूप लिया और फ्रांस के गृह मंत्रालय के मुताबिक करीब 2.5 लाख लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। आयोजकों ने इससे कहीं ज्यादा संख्या का दावा किया। कई जगह प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, लेकिन कुछ शहरों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं।
क्या छात्र आंदोलन की वजह इस्लाम और माइग्रेशन है?
यही इस पूरे विवाद का सबसे बड़ा सवाल है। अभी तक आंदोलनकारियों ने जो मांगें रखी हैं उनमें मुख्य रूप से शिक्षकों और स्टाफ की कमी, स्कूलों की खराब स्थिति, भीड़ भरी कक्षाएं और शिक्षा के लिए संसाधनों की मांग शामिल है। उपलब्ध रिपोर्टिंग में छात्र आंदोलन और इस्लाम या माइग्रेशन के बीच सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है।
लेकिन दूसरी तरफ फ्रांस में माइग्रेशन, सामाजिक एकीकरण और बदलती जनसांख्यिकी लंबे समय से राजनीतिक बहस के बड़े मुद्दे हैं। इसलिए यह सवाल भी अपनी जगह बना हुआ है कि क्या इन व्यापक सामाजिक बदलावों से पैदा होने वाला तनाव किसी बड़े सामाजिक आंदोलन के माहौल को प्रभावित कर सकता है ?
आंदोलन में हिंसा ने बढ़ाई बहस
आंदोलन के दौरान कुछ जगह हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। फ्रांसीसी अधिकारियों ने आंदोलन के कुछ हिस्सों में बाहरी और संगठित तत्वों की भूमिका की बात कही है। हालांकि इन दावों को लेकर राजनीतिक मतभेद भी हैं।
यही वजह है कि फ्रांस में चल रहा आंदोलन अब केवल शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तक सीमित नहीं रह गया है। इसके साथ कानून-व्यवस्था, सामाजिक असंतोष, माइग्रेशन और फ्रांस की बदलती सामाजिक संरचना जैसे मुद्दे भी जुड़ गए हैं।
ट्रंप के बयान का राजनीतिक पहलू
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से यूरोप में माइग्रेशन की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। अमेरिका में भी माइग्रेशन उनकी राजनीति का प्रमुख मुद्दा रहा है। ऐसे में फ्रांस की घटना पर उनका बयान अमेरिकी राजनीति खासकर आनेवाले मिडटर्म इलेक्शन के व्यापक संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
अमेरिका में नवंबर 2026 में मध्यावधि चुनाव होने हैं । लेकिन इसका यह मतलब भी नहीं है कि उनका पूरा बयान केवल चुनावी राजनीति से जुड़ा है क्योंकि फ्रांस में माइग्रेशन और प्रवासियों को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने का मुद्दा पहले से ही बड़ी राजनीतिक बहस का हिस्सा रहा है।



