दिल्ली: तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान रेखा गुप्ता सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अब मंत्री ने पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है।
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि युवक ने उनके परिवार के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की और गाली दी। जिसके बाद उन्होंने आवेश में आकर उसे थप्पड़ मारा।
मंत्री ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार वे काम कर रही है। जो पिछली सरकार नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कामों का थर्ड-पार्टी ऑडिट और कोर-कटिंग समेत सभी रिकॉर्ड तैयार कराएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि उनके परिवार के बारे में किसी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले पर सफाई में क्या बोले प्रवेश वर्मा?
प्रवेश वर्मा ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए दावा किया कि अगर कोई सरकारी काम में बाधा डालता है या अधिकारियों से कमीशन मांगता है। तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक द्वारा कथित तौर पर ऐसा किया जा रहा था और यही इस पूरे विवाद की वजह है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जो हुआ वह नहीं होना चाहिए था।
प्रवेश वर्मा के मुताबिक विकासपुरी रिंग रोड पर पिछले कई दिनों से सड़क निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां के विधायक जरनैल सिंह PWD के इंजीनियर पर दबाव बना रहे थे कि उन्हें ठेकेदार से मिलवाया जाए। मंत्री ने दावा किया कि इसके जरिए सड़क निर्माण के काम में कमीशन लेने की कोशिश की जा रही थी।
स्थानीय विधायक जरनैल सिंह पर लगाया आरोप
प्रवेश वर्मा ने स्थानीय विधायक जरनैल सिंह पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि सड़क निर्माण के काम को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे थे और उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सड़क का निर्माण ठीक तरीके से चल रहा था। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि पिछले करीब 15 वर्षों से इस सड़क का निर्माण नहीं हुआ था और अब उन सड़कों को बनाया जा रहा है।
प्रवेश वर्मा के मुताबिक। उन्होंने विधायक जरनैल सिंह को तीन बार फोन किया और करीब 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। उनका दावा है कि इसके बाद जरनैल सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और आते ही उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी।