दिल्ली: दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सरकार दिल्ली से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि दिवाली और छठ पूजा से पहले इन बस सेवाओं की शुरुआत हो सकती है।
2 से 3 रूट पर बसें चलाने की तैयारी है।
पहले चरण में दिल्ली से बिहार के लिए 2 से 3 रूट पर बसें चलाने की तैयारी है। हालांकि बिहार के लिए कुल 18 संभावित रूट की पहचान की गई है। सभी रूट पर एक साथ बस सेवा शुरू नहीं होगी। अंतिम रूट और बस का किराया समिति की रिपोर्ट आने के बाद तय किया जाएगा।
योजना के तहत सरकार निजी बस ऑपरेटरों को भी सेवा में शामिल करने पर विचार कर रही है।
छठ के मौके पर बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में अगर बस सेवा समय पर शुरू होती है, तो हजारों यात्रियों को घर जाने के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा। फिलहाल दिल्ली और बिहार के बीच निजी बसें चलती हैं, लेकिन दोनों राज्यों के बीच कोई सरकारी बस सेवा नहीं है। नई योजना के तहत सरकार निजी बस ऑपरेटरों को भी सेवा में शामिल करने पर विचार कर रही है।
18 रूट की पहचान की गई है।
परिवहन विभाग ने जिन 18 रूट की पहचान की 18 रूट की पहचान की है, उनमें पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।
चूंकि दिल्ली से बिहार जाने वाली बसों को उत्तर प्रदेश से होकर गुजरना होगा, इसलिए कुछ रूट नोएडा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे शहरों से होकर गुजर सकते हैं।
पूर्वी यूपी के लिए भी बस सेवा की तैयारी
दिल्ली सरकार पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी बस कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इससे यूपी और बिहार जाने वाले यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पहले योजना थी कि छठ के आसपास बिहार के लिए 50 से ज्यादा बसें चलाई जाएंगी। लेकिन अब शुरुआत 2 से 3 रूट से होने की संभावना है। इसके बाद यात्रियों की जरूरत के हिसाब से दूसरे रूट पर भी बस सेवा शुरू की जा सकती है।
प्रस्तावित दिल्ली-बिहार परिवहन समझौता 10 साल के लिए होगा। इसके तहत डीजल बसों को BS-VI या उससे बेहतर उत्सर्जन मानकों का पालन करना होगा। वहीं CNG और इलेक्ट्रिक बसों को भी चलाने की अनुमति होगी।
सुरक्षा के लिए बसों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम और इमरजेंसी बटन जैसी सुविधाएं भी जरूरी होंगी।
फिलहाल समिति रूट, किराया और दूसरी जरूरी चीजों पर काम कर रही है। समिति की रिपोर्ट आने के बाद सरकार अंतिम फैसला करेगी कि दिवाली और छठ से पहले किन रूट पर बस सेवा शुरू की जाए। अगर यह सेवा शुरू होती है, तो दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए यह बड़ी राहत साबित हो सकती है।



