नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के मुताबिक, मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया गया।

फैक्ट्री के अंदर बेहोशी की हालत में मिले 6 लोग

दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। सभी को तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी। वहां से उठे घने धुएं के कारण ऊपर की मंजिलों पर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। बचाव दल ने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला।

फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया

आउटर जिले के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि पता चल सके कि हादसे के समय फैक्ट्री में कुल कितने लोग मौजूद थे।

आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा

दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद कूलिंग का काम शुरू किया। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्ट्री में आग किन परिस्थितियों में लगी और वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में आग से बचाव और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और संभावित लापरवाही को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।