DUSU Election 2026 से ठीक पहले कैंपस का माहौल गरमा गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन यानी 16 सितंबर को दिल्ली यूनिवर्सिटी के अलग-अलग कैंपस और कॉलेजों में झड़प, मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप की कई घटनाएं सामने आईं । दोनों गुट एक-दूसरे पर मारपीट और हमला करने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं, लेकिन अभी तक पुलिस जांच में यह साफ नहीं हुआ है कि इस झड़प की शुरुआत किसने की ।
सबसे ज्यादा तनाव नॉर्थ कैंपस में लॉ सेंटर-I के बाहर देखने को मिला, जहां एबीवीपी और एनएसयूआई से जुड़े छात्र गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गई । 

नॉर्थ कैंपस में भिड़े छात्र गुट

16 सितंबर की शाम लॉ सेंटर-I और कैंपस लॉ सेंटर के बाहर झड़प की खबर सामने आई। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित जो वीडियो सामने आया है उसमें छात्रों के बीच मारपीट की तस्वीरें सामने आई । कुछ गाड़ियों के शीशे भी टूटे दिखाई दिए। हालांकि, इन वीडियो से यह स्पष्ट नहीं होता है कि झड़प की शुरुआत किसने की।
ABVP ने दावा किया कि उसके तीन सदस्य घायल हुए । संगठन ने आरोप लगाया कि NSUI और उससे जुड़े संगठनों के लोगों ने हमला किया। दूसरी तरफ NSUI ने आरोपों को खारिज किया और पलटवार करते हुए कहा कि उसके DUSU उम्मीदवारों से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया और दबाव बनाने की कोशिश हुई। दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है । 
पुलिस ने अबतक एबीवीपी या एनएसयूआई में से किसी भी संगठन को अभी इस झड़प के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है । 

सत्यवती कॉलेज में भी बवाल

नॉर्थ कैंपस की घटना से अलग, 15 सितंबर की रात सत्यवती कॉलेज से जुड़े दो छात्रों के बीच भारत नगर इलाके में विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक दोनों छात्र घायल हुए और मौके पर दो वाहन क्षतिग्रस्त मिले । पुलिस ने फोरेंसिक जांच कराई है और CCTV फुटेज के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है । मेडिकल रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
इस घटना के दौरान फायरिंग की बात रिपोर्ट में सामने आई है, लेकिन अतबतक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है । 
साउथ कैंपस के मोतीलाल नेहरू कॉलेज (इवनिंग) में भी कैंपेनिंग के दौरान एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया। शिक्षकों के मुताबिक एक छात्र ने फैकल्टी मेंबर के साथ मारपीट की । इसके बाद कॉलेज के शिक्षकों ने विरोध किया और चुनाव ड्यूटी के बहिष्कार की चेतावनी दी। वे आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं । शिक्षक के गंभीर रूप से घायल होने का भी दावा किया गया है । 

 18 सितंबर को मतदान

इन घटनाओं के बीच दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। कुलपति योगेश सिंह ने कॉलेजों के प्राचार्यों, हॉस्टल अधिकारियों और पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अगले कुछ दिनों तक कॉलेजों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा।
DUSU Election 2026 के लिए 18 सितंबर को मतदान होगा और 19 सितंबर को मतगणना होगी। ऐसे में प्रचार खत्म होने से ठीक पहले हुई इन घटनाओं ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है ।