प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन इस बार कई अनोखे आयोजनों के साथ मनाया जा रहा है । 17 सितंबर को जन्मदिन के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कार्यक्रम रखे गए हैं, जिनमें कहीं पीएम मोदी की उम्र यानी 76 को थीम बनाया गया है, तो कहीं सेवा और जनभागीदारी पर जोर दिया गया है। गुजरात से दिल्ली और वाराणसी तक कई आयोजन खास आकर्षण बने हुए हैं।

गुजरात में 88 लाख से ज्यादा दीयों की रोशनी

पीएम मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम रखा गया है। राज्य में 18,500 से ज्यादा स्थानों पर 88 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाने की योजना है। इसे ‘आशीर्वाद नो दीवडो’ कार्यक्रम से जोड़ा गया है। यानी गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ बड़े पैमाने पर दीप जलाए जाएंगे।
अहमदाबाद के विश्व उमियाधाम में इससे अलग एक खास कार्यक्रम रखा गया। यहां करीब 5,000 लोगों की मौजूदगी में 76 हजार दीये जलाए गए। आधी रात को सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया गया। 76 हजार दीयों का आंकड़ा पीएम मोदी की 76वीं वर्षगांठ से जोड़ा गया है।

76 महिलाओं को 76 गिर गायें

गुजरात के उंझा में एक गौशाला की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 76 महिलाओं को 76 गिर नस्ल की गायें देने की पहल की गई। आयोजकों के मुताबिक इसका उद्देश्य महिलाओं को आजीविका का साधन उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।

इसी तरह विश्व गुजराती समाज की ओर से 76 हजार पौधे बांटने का कार्यक्रम रखा गया है। ये पौधे किचन गार्डन के लिए दिए जा रहे हैं और लाभार्थियों को इन्हें उगाने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा

पीएम मोदी की जन्मभूमि वडनगर और उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जोड़ते हुए दो बाइक यात्राएं भी शुरू की गई हैं । ये यात्राएं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेंगी । वडनगर से वाराणसी वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और वाराणसी से वडनगर वाली यात्रा को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रवाना करेंगे। वडनगर-वाराणसी यात्रा के 10 राज्यों, 193 जिलों और 1,195 गांवों से होकर गुजरने की योजना है ।

कर्तव्य पथ पर सवा लाख दीये

राजधानी दिल्ली में ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया। इसके अलावा त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर, खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108-कुंडीय यज्ञ और श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत जैसे कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। दिल्ली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा ।

काशी में 76 बटुकों का गंगा अभिषेक

वाराणसी में भी जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया गया। अहिल्याबाई घाट पर 76 बटुकों ने 76 लीटर केसर जल और दूध से गंगा अभिषेक किया। वहीं सामने घाट पर मां गंगा को 76 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई।
काशी में करीब 50 पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने भी रक्तदान किया। इसके अलावा 1,076 महिला खिलाड़ियों ने विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस तरह पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर होने वाले आयोजनों में 76 का आंकड़ा खास प्रतीक बनकर उभरा है। वहीं बड़े स्तर पर दीप प्रज्वलन, रक्तदान, पौधरोपण, धार्मिक अनुष्ठान और बाइक यात्राओं के जरिए जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रमों को कई अलग-अलग रूप दिए गए हैं।