नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में जन्मे नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर इस बार देशभर में कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
ये मौका इसलिए भी खास है कि इस साल नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर रहते हुए 25 साल का सफर भी पूरा होने जा रहा है। 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद 2014 से वह लगातार देश के प्रधानमंत्री पद पर हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, जनकल्याण और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी ने भी पूरे देश में महीनेभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है।
‘आशीर्वाद का दीया’ से रोशन होगा कर्तव्य पथ
जन्मदिन के कार्यक्रमों में ‘आशीर्वाद का दीया’ खास आकर्षण है। दिल्ली में कर्तव्य पथ पर 1.25 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके साथ त्यागराज स्टेडियम में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप, 108-कुंड यज्ञ और ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत जैसे कार्यक्रम भी रखे गए हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत देशभर में भी दीप जलाने की अपील की गई है। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन और 25 साल के सार्वजनिक जीवन के मौके पर ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम से एक विशेष गीत भी जारी किया गया है।
दिल्ली में 13,820 करोड़ की परियोजनाओं पर भी फोकस
दिल्ली सरकार के मुताबिक 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान करीब 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा। अभियान में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, स्वच्छता, पौधरोपण और दूसरी जनसेवा गतिविधियां भी शामिल हैं।
यानी इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं है। 17 सितंबर से शुरू हुआ सिलसिला 17 अक्टूबर तक चलेगा । कहीं सेवा का संकल्प, कहीं जनभागीदारी का अभियान और कहीं दीयों से रोशन होता कर्तव्य पथ दिखेगा ।