सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोमवार, 26 अक्टूबर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 89.5 से 91 किलोमीटर के बीच होने की खबर है। राहत की बात यह है कि राहुल गांधी सुरक्षित हैं और उनकी गाड़ी इस टक्कर में शामिल नहीं थी।
अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काफिले के आगे चल रही एक निजी गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में काफिले की कई गाड़ियां और एक एंबुलेंस शामिल होने की खबर है। पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 10:15 बजे हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की खबर
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की खबर
शुरुआती रिपोर्टों में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घायलों की संख्या और चोटों की गंभीरता को लेकर अलग-अलग रिपोर्टें हैं। पुलिस की ओर से घटना को गंभीर नहीं बताया गया और किसी बड़ी चोट की पुष्टि नहीं हुई।
कोर्ट में पेशी के लिए जा रहे थे राहुल गांधी
राहुल गांधी लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे। उन्हें 2018 में तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में विशेष MP/MLA अदालत में पेश होना था। टक्कर के बाद काफिला कुछ देर रुका, फिर सुल्तानपुर की ओर रवाना हो गया।



