साल में दो बार मिलेगा मुफ्त सिलेंडर
सरकार की योजना के मुताबिक, उज्ज्वला योजना से जुड़े पात्र परिवारों को साल में दो मुफ्त गैस रिफिल मिलेंगे। पहला सिलेंडर दिवाली के अवसर पर और दूसरा होली के अवसर पर दिया जाएगा। इससे त्योहारों के समय गरीब परिवारों के घरेलू खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने रखे 1500 करोड़ रुपये
लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों के लिए गैस रिफिल सब्सिडी वितरण की जानकारी दी। इस सहायता के लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में योजना जारी रखने के लिए कैबिनेट ने 2,142.78 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी है।
किन लोगों को मिलेगा फायदा?
इस सुविधा का लाभ केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को मिलेगा। सामान्य LPG कनेक्शन रखने वाले सभी परिवार इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे। लाभार्थियों को गैस रिफिल की सुविधा और सब्सिडी का लाभ निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के तहत मिलेगा।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य त्योहारों के दौरान गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं को रसोई गैस के खर्च में राहत देना है।



