UP Politics 2027: उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानि AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री से सियासी हलचल और तेज हो गई है। ओवैसी ने कानपुर से पार्टी का चुनावी अभियान आगे बढ़ाते हुए एक बार फिर से मुसलमानों की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा जोर-शोर से उठाया है । 
इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी को रोकने के लिए विपक्षी दलों को साथ आने का न्योता भी दिया है। ओवैसी ने छावनी क्षेत्र में बाबूपुरवा ईदगाह मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की तीसरी बार सरकार बनने से रोकने के इच्छुक दलों के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है ।
ओवैसी की इस सक्रियता से यूपी में मुस्लिम वोटों की सियासत को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। सवाल ये उठ रहे हैं कि AIMIM की एंट्री से यूपी की मौजूदा मुस्लिम वोटबैंक की राजनीति में कितना बदलाव आ सकता है और सबसे ज्यादा राजनीतिक दबाव किस दल पर पड़ सकता है।

मुस्लिम वोटों पर नई दावेदारी

ओवैसी का संदेश सिर्फ इतना नहीं है कि AIMIM चुनाव लड़ेगी। वह मुस्लिम मतदाताओं के सामने अपनी पार्टी को अलग राजनीतिक विकल्प के तौर पर पेश कर रहे हैं। कानपुर की सभा में उन्होंने मुस्लिम प्रतिनिधित्व का सवाल उठाया और कहा कि राज्य की अलग-अलग सरकारें मुस्लिमों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक समस्याओं का समाधान नहीं कर सकीं।
यूपी में मुस्लिम मतदाता लंबे समय से विपक्षी राजनीति के अहम आधार रहे हैं और समाजवादी पार्टी इसका बड़ा हिस्सा अपने साथ जोड़े रखने में सफल रही है । ऐसे में ओवैसी का अक्रामक तरीके से मुस्लिम प्रतिनिधित्व को चुनावी मुद्दा बनाना समाजवादी पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बन सकती है । 

अखिलेश पर सीधा हमला क्यों?

ओवैसी ने कानपुर की रैली में अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र किया और अखिलेश के मुख्यमंत्री रहने के दौरान कानून-व्यवस्था और मुस्लिमों की स्थिति पर सवाल उठाए । उन्होंने करीब 50 हजार लोगों के विस्थापन का भी जिक्र किया। 
इसका स्पष्ट राजनैतिक संदेश है । ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के सामने यह सवाल रखना चाहते हैं कि जिस दल को वो लंबे समय से समर्थन देते रहे, उसके शासन में मुस्लिम समुदाय को कितना राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व मिला।
इन बयानों का मकसद AIMIM को मुस्लिम मतदाताओं के बीच एक अलग राजनीतिक विकल्प के रूप में पेश करना है। 


बीजेपी विरोध या मुस्लिम राजनीति का नया समीकरण?

ओवैसी ने साफ कहा है कि वह ऐसी पार्टियों के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं जो यूपी में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना चाहती हैं। AIMIM गठबंधन को लेकर अपना फैसला 2 अक्टूबर तक घोषित करने की बात कह चुकी है।

यहीं से यूपी की राजनीति का असली सवाल निकलता है। अगर AIMIM विपक्षी गठबंधन का हिस्सा बनती है तो सीटों के बंटवारे और मुस्लिम प्रतिनिधित्व का सवाल निश्चय ही उठेगा । अगर पार्टी अलग चुनाव लड़ती है तो उन सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है जहां मुस्लिम मतदाता चुनावी गणित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी ओवैसी की रणनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सिर्फ मुस्लिम वोटों के आधार पर बीजेपी को हराना संभव नहीं है। 

असली परीक्षा वोट को सीट में बदलने की

असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जोर-आजमाइश शुरू कर दी है । लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती एआईएमआईएम का पिछला चुनावी रिकॉर्ड है। 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में ओवैसी की पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। ओवैसी को भी इस बात का पूरा एहसास है । यही वजह है कि AIMIM अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है । कानपुर के बाद अब श्रावस्ती और आजमगढ़ में भी कार्यक्रम करने की तैयारी में है । 

फिलहाल ओवैसी की एंट्री को किसी एक दल के लिए नुकसान या किसी दूसरे के लिए फायदे के तौर पर तय कर देना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना साफ है कि AIMIM ने यूपी की मुस्लिम वोटों की सियासत में अपनी दावेदारी फिर सामने रख दी है। अब असली सवाल यह है कि ओवैसी इस दावेदारी को कितनी सीटों तक पहुंचा पाते हैं और क्या वह मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पार्टी को एक मजबूत विकल्प के तौर पर खड़ा कर पाते हैं। इसका जवाब तो 2027 के चुनाव में मिलेगा, लेकिन उससे पहले ओवैसी की सक्रियता ने समाजवादी पार्टी समेत दूसरे विपक्षी दलों के सामने एक नई राजनीतिक चुनौती जरूर खड़ी कर दी है।