बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने शुक्रवार को टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की। वैभव को कप्तान बनाया गया है, जबकि सूरज कश्यप उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। यह पहली बार होगा जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।
पहली बार सीनियर टीम की कमान संभालेंगे वैभव
वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों और दिग्गज खिलाड़ियों का ध्यान खींचा था।
अब उन्हें बिहार की सीनियर टीम का नेतृत्व करने का मौका मिला है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई है। कप्तानी की यह जिम्मेदारी उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी और लीडर बनने में मदद करेगी।
शुरुआती दो मैचों के लिए ही मिली कप्तानी
बिहार की टीम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना अभियान 14 नवंबर से शुरू करेगी। शुरुआती मुकाबले इंदौर में खेले जाने हैं। वैभव को फिलहाल पहले दो मैचों के लिए कप्तान बनाया गया है।
इसके बाद उन्हें इंडिया-A टीम के साथ राइजिंग स्टार्स एशिया कप में हिस्सा लेना है। इसी वजह से उनकी कप्तानी की जिम्मेदारी शुरुआती दो मुकाबलों तक सीमित रखी गई है।
बिहार की 17 सदस्यीय टीम घोषित
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से घोषित टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को जगह दी गई है। टीम की कमान वैभव सूर्यवंशी के हाथों में होगी।
बिहार की टीम:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान)
सूरज कश्यप (उपकप्तान)
आलोक कुमार
आयुष लोहारुका (विकेटकीपर)
अल्तमश अशरफ
परम कुमार सिंह
अनमोल कुमार (विकेटकीपर)
ऋत्विक राज
मयंक कुमार
राघवेंद्र प्रताप
आशीष कुमार
वासुदेव प्रताप सिंह
मोहम्मद इजहार
अमोद यादव
प्रशांत सिंह
नवाज खान
हिमांशु सिंह
वैभव के प्रदर्शन पर रहेंगी सबकी नजरें
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भारत का प्रमुख घरेलू टी-20 टूर्नामेंट है, जिसमें देश की अलग-अलग राज्य टीमें हिस्सा लेती हैं। इस प्रतियोगिता में वैभव के सामने न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने, बल्कि कप्तान के तौर पर टीम को बेहतर शुरुआत दिलाने की चुनौती भी होगी।
बिहार के क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास से टीम को अच्छे प्रदर्शन की ओर ले जाएंगे। अब देखना होगा कि 15 साल का यह युवा खिलाड़ी अपनी पहली सीनियर कप्तानी में कैसा प्रदर्शन करता है।



